59-इस्माइला गांव में प्रशासन के रात्रि प्रवास कार्यक्रम में लोगों की समस्या सुनते अधिकारी। स्र
रोहतक। इस्माइला गांव में वीरवार को प्रशासन का रात्रि प्रवास कार्यक्रम हुआ। इसमें जिला उपायुक्त ने जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन गांव में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन इस्माइला गांव में पानी, बिजली और सड़कों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशासन आपके गांव में पहल के तहत इस्माइला गांव को मॉडल गांव बनाने के लिए एक 10-सूत्रीय मॉडल विलेज एजेंडा तैयार किया गया है जिसके माध्यम से सतत और समावेशी ग्रामीण विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसपी सुरेंद्र भौरिया, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंदर, एसडीएम सांपला उत्सव आनंद, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीईओ मंजीत मलिक, गांव के सरपंच विकास और मुकेश, पार्षद नीलम खत्री और पार्षद प्रतिनिधि जगबीर खत्री आदि मौजूद रहे।
ये है 10-सूत्रीय मॉडल गांव एजेंडा
10-सूत्रीय मॉडल गांव एजेंडे के तहत गांव में स्वच्छ एवं हरित गलियां होंगी। जल सुरक्षा एवं प्रबंधन के इंतजाम होंगे। ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन पर फोकस रहेगा। स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीटीवी की सुविधा होगी। डिजिटल एवं शैक्षणिक हब बनाएंगे। सामुदायिक परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण होगा। स्वास्थ्य व स्वच्छता ढांचा मजबूत करेंगे। खेल व युवा सहभागिता को बढ़ावा देंगे। हरित ऊर्जा एवं सतत विकास पर जोर देंगे। सहभागी शासन व निगरानी मजबूत होंगे।
महिला स्वास्थ्य जांच अभियान की शुरुआत
रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान डीसी गुप्ता ने महिलाओं के लिए एक नए स्वास्थ्य जांच अभियान का शुभारंभ किया। 7 नवंबर को 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नि:शुल्क स्तन कैंसर जांच करा सकेंगी।
वितरित किए सहायक उपकरण
कार्यक्रम के दौरान डीसी ने पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर, छड़ी आदि सहायक उपकरण वितरित किए।