मातु राम कम्युनिटी सेंटर गांधी कैंप के पास मिली नवजात शिशु ।
रोहतक। शहर के गांधी कैंप में महिला आश्रम के नजदीक रात दो बजे कोई दो दिन की नवजात बच्ची को ऑटो में रखकर फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को पीजीआई में दाखिल कराया। पीजीआईएमएस थाने में अज्ञात महिला के खिलाफ नवजात का परित्याग करने का केस दर्ज किया गया है।
तेजबीर कॉलोनी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि राज सिनेमा के सामने उसकी दुकान है। शनिवार की रात करीब दो बजे उसकी दुकान पर काम करने वाला युवक देवा अपने घर जा रहा था। उसने कॉल करके बताया कि महिला आश्रम के नजदीक सड़क पर एक ऑटो खड़ी है। ऑटो में पीछे एक नवजात बच्ची काली पॉलीथिन में लिपटी हुई रखी है। वह मौके पर पहुंचा तो देखा नवजात शिशु की उम्र दो-तीन दिन ही है, जोकि लड़की है। उसके परिजन व संरक्षक उसे ऑटो में रखकर चले गए। पुलिस ने नवजात को पीजीआई में दाखिल कराया है। थाना प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ्य है। आरोपी परिजन व उसकी मां की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं। पुलिस को देर रात सड़क पर पॉलीथिन में मिली नवजात बच्ची पीजीआई में उपचाराधीन है। इसे मदर एंड चाइल्ड अस्पताल की निकू में भर्ती किया गया है। यहां इसे उपचार दिया जा रहा है। बच्ची की स्थिति फिलहाल ठीक है। चिकित्सक उसकी देखभाल कर रहे हैं।