रोहतक। स्कूल की दहलीज लांघकर पहली बार विश्वविद्यालय में कदम रखने वाले विद्यार्थियों को एमडीयू पहली नजर में भा गया। विवि का स्वच्छ माहौल व पुस्तकालय उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया। विद्यार्थियों ने अपना यह अनुभव किसी सपने जैसा बताया।
कैंपस में पहले दिन विद्यार्थियों ने वातानुकूलित पुस्तकालय समेत विभिन्न विभागों का दौरा किया। इसी कड़ी में आईएचटीएम विभाग भी पहुंचे। यहां आईएचटीएम निदेशक प्रो. आशीष दहिया ने विद्यार्थियों को विभाग व यहां की व्यवस्था व सुविधाओं का परिचय दिया। विवि के शैक्षणिक माहौल और सुविधाओं को खूब सराहा।
एमडीयू में शिक्षा व खेल की सभी सुविधाएं बेहतर हैं। शिक्षक भी विद्यार्थियों का शैक्षणिक व चहुंमुखी विकास में हर संभव सहयोग करते हैं। विश्वविद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था पुख्ता है। बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए यह बेहद जरूरी है।
-हिमांश, छात्र, एमडीयू।
एमडीयू में दाखिला लेना सपना था। इसके लिए कड़ी मेहनत से पढ़ाई की। विवि का पुस्तकालय सबसे ज्यादा पसंद आया। इस तीन मंजिला पुस्तालय में हर तरह की पुस्तकों के अलावा कंप्यूटर व इनटरनेट सुविधाएं भी हैं।
-सौरव, छात्र, एमडीयू।
एमडीयू के बारे में काफी सुना था। अब यहां पढ़ने का अवसर मिला है। कैंपस में पहली बार आकर काफी अच्छा लगा। यहां पढ़ाई के साथ खेलों पर भी पूरा ध्यान दिया जाता है। एमडीयू में प्लेसमेंट भी अच्छी है।
-अजय, छात्र, एमडीयू।
एमडीयू में पढ़ने का अवसर मिला तो इसे पहली बार अंदर से देखा। पहली बार कैंपस में घूमकर देखा तो यहां विद्यार्थियों के लिए मौजूद सुविधाओं व व्यवस्थाओं को करीब से समझा। यहां का शैक्षणिक माहौल सराहनीय है।
-हेमंत, छात्र, एमडीयू।