संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ से घेवरा के बीच ब्रिज नंबर-55 पर आरसीसी स्लैब रखने के लिए रेलवे ने दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया। शुक्रवार को कई ट्रेनें रद्द रहीं, कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया और कुछ के रूट डायवर्ट किए गए। 28 फरवरी को भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।
बहादुरगढ़ के यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। दिल्ली जाने के लिए उन्हें मेट्रो और रोहतक जाने के लिए अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रोहतक जंक्शन के बीच चलने वाली नई दिल्ली-रोहतक इंटरसिटी रद्द रही।
जींद-दिल्ली मेमू, दिल्ली-जींद पैसेंजर, दिल्ली-नरवाना व दिल्ली-जाखल पैसेंजर सहित कई लोकल सवारी गाड़ियां भी प्रभावित रहीं। किसान एक्सप्रेस दिल्ली जंक्शन की बजाय रोहतक तक ही चली जबकि श्रीगंगानगर इंटरसिटी रोहतक से रवाना हुई। जाखल-दिल्ली पैसेंजर जींद तक ही संचालित की गई।
अवध-असम एक्सप्रेस और त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस को सोनीपत-गोहाना होकर चलाया गया। अंडमान एक्सप्रेस भी जींद से गोहाना-सोनीपत मार्ग से नई दिल्ली की ओर भेजी गई। कुछ गाड़ियों को 25 से 30 मिनट तक रोककर चलाया गया।
दिल्ली-रोहतक दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल हाड़ा ने 12 मार्च से सप्ताह में एक दिन चलने वाली इंदौर-हिसार सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव बहादुरगढ़ स्टेशन पर देने की मांग उठाई है।