23jjrp05 लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक को संबोधित करते हुए मंडल आयुक्त संजीव वर्मा
झज्जर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रोहतक मंडल आयुक्त संजीव वर्मा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला प्रशासन और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। मंडल आयुक्त ने बैठक में चारों विधानसभा क्षेत्र (झज्जर, बहादुरगढ़, बादली, बेरी) के रिटर्निंग ऑफिस (एसडीएम) से चुनाव तैयारियों पर चर्चा की। चुनाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसी ने बताया कि सभी नोडल ऑफिसर की नियुक्ति कर दी गई है। एमसीसी उल्लंघन की प्रतिदिन की रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी बूथों के भौतिक सत्यापन का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके उपरांत मंडल आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों की निष्पक्ष, स्वतंत्र व पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न करवाने में अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार हो चुकी है व अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 27 अगस्त को किया जाएगा। अगर मतदाता सूची में किसी प्रकार की आपत्ति है तो दर्ज करवाएं। मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी प्रक्रियाएं चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार हों। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता की सभी पक्ष पूरी ईमानदारी के साथ पालना करें।
अनियमितता की जानकारी तुरंत दें
मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते रहें। किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें। इस मौके पर एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह, एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, डीआरओ प्रमोद चहल, डीआईपीआरओ सतीश कुमार के अलावा कांग्रेस पार्टी प्रतिनिधि विकास अहलावत, आम आदमी पार्टी प्रतिनिधि जोगिंद्र तंवर, बीएसपी पार्टी प्रतिनिधि सत्यप्रकाश, आईएनएलडी प्रतिनिधि पवन धनखड़, आप प्रतिनिधि सोमबीर सिंह मौजूद रहे।