रोहतक पीजीआई व सिंचाई विभाग के अलावा पानीपत के केस में जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद शुक्रवार को सुनारिया जेल से बाहर आए। मानसरोवर पार्क के नजदीक सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद जयहिंद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विपक्ष को फाइलों का डर दिखाकर चुप करवा दिया, लेकिन मैं चुप होने वाला नहीं। विधानसभा के बाहर जाकर जनता के मुद्दे उठाऊंगा।
शुक्रवार शाम पांच बजे समर्थक जयहिंद को लेकर सुनारिया जेल से रोहतक शहर में पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए जयहिंद ने कहा कि सरकार उनके खिलाफ झूठे केस बनाकर जनहित की आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन वे बेरोजगार युवाओं और प्रदेश की जनता के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में ऐसे-ऐसे खुलासे करेंगे कि सरकार की नींद उड़ जाएगी। बता दें कि स्वास्थ्य विज्ञान विवि में नर्सिंग की काउंसिलिंग के दौरान अधिकारी से मारपीट व सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने 15 दिसंबर को नवीन जयहिंद को गिरफ्तार किया था। साथ ही रोहतक व पानीपत पुलिस ने पहले से दर्ज दो मामलों में प्रोडक्शन वारंट मांगा था। तीनों केसों में जमानत मिलने के बाद जयहिंद शुक्रवार को जेल से जमानत पर बाहर आए हैं।