नरवाना। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा नवदीप स्टेडियम अब नया रूप लेने जा रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार ने 1.54 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसके लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है।
नवदीप स्टेडियम में व्यापक जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल का माहौल मिल सकेगा। खेल विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आने वाले दिनों में कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जीर्णोद्धार कार्य में हॉकी पवेलियन का नवीनीकरण, मैदान की लेवलिंग, दीवारों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, खिलाड़ियों व दर्शकों के लिए शौचालय और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं का निर्माण शामिल है।
स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि यह स्टेडियम कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की जन्मभूमि रहा है, जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नरवाना का नाम रोशन किया है। नई सुविधाओं के जुड़ने से अब युवा खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए एक सुरक्षित और प्रेरक वातावरण मिलेगा।
खेल इतिहास में सही साबित होगा यह निर्णय
जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद स्टेडियम में न केवल जिलास्तरीय बल्कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकेंगी। इससे खिलाड़ियों को जहां प्रोत्साहन मिलेगा वहीं नरवाना में खेल संस्कृति को भी एक नई दिशा मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय को शहर के खेल इतिहास में मील का पत्थर बताया है।
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को सौंपा गया जिम्मा
स्टेडियम का यह कार्य पहले फिजिकल फिटनेस विभाग के माध्यम से करवाया जाना था। विभागीय देरी के चलते अब इस जिम्मेदारी को पीडब्ल्यूडी बीएंड आर विभाग को सौंप दिया गया है। अब यह पूरा जीर्णोद्धार कार्य पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जाएगा ताकि काम में पारदर्शिता और गति दोनों बनी रहें।
नई सुविधाओं तक होगा संपूर्ण नवीनीकरण
शुरुआत में स्टेडियम की इमारतों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। दीवारों में आई दरारें, टूटे हुए हिस्से और गिरता कंक्रीट पूरी तरह से दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद हॉकी पवेलियन यानी दर्शकों के बैठने के लिए शीट और प्लेटफॉर्म का निर्माण होगा। साथ ही दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक शौचालय और चेंजिंग रूम भी तैयार किए जाएंगे, जो लंबे समय से स्टेडियम में नहीं थे।
वर्जन
स्टेडियम के जीर्णोद्धार का कुल बजट लगभग 1.70 करोड़ रुपये का है जिसमें से 1.54 करोड़ रुपये का कार्य जल्द शुरू होगा। यह राशि स्टेडियम की मरम्मत और निर्माण कार्य पर खर्च की जाएगी।-संदीप गोयत, इंचार्ज, नवदीप स्टेडियम