रोहतक। शिवाजी कॉलोनी के बाजार में दिनदहाड़े स्कूटी सवार दो युवकों ने सब्जी खरीदने आई महिला का बैग छीन लिया। बैग में मोबाइल और 1200 रुपये थे। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी ऊषा रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे वह शिवाजी कॉलोनी बाजार गई थी। रेहड़ी पर जब वह सब्जी खरीदने जा रही थी तो स्कूटी पर पीछे से दो युवक आए और झपटा मारकर बैग छीन लिया। उसने शोर मचाया, लेकिन युवक फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे की जांच की। कैमरे में युवक साफ नजर आ रहे हैं। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।