रोहतक। वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहतक के पहलवान सूरज ने रजत व मुस्कान नांदल ने स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतियोगिता मंगोलिया में आयोजित की जा रही है। मुस्कान नांदल ने 59 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता। सूरज ने 60 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता।
सूरज की जीत से पूरे गांव रिठाल में खुशी का माहौल है। सूरज ने 2018 में खेलना शुरू किया था। सूरज ने बताया कि जब खेलना शुरू किया था तो परिवार वाले नहीं चाहते थे कि मैं पहलवान बनूं। उस समय घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। पिता रवि प्रकाश ने कहा था कि कुछ नहीं रखा पहलवानी में, पढ़ाई कर ले। पढ़ लेगा तो अच्छी नौकरी लग जाएगा।
मेडल आने के बाद पिता ने कहा- बेटा मुझे गर्व है तेरे ऊपर। उन्होंने कहा कि मेरा सपना है कि बेटा एशियन गेम्स व ओलंपिक में भी पदक जीते। पिता रवि प्रकाश खेती करते हैं, मां सुमन गृहिणी व दो भाई हैं। सूरज जिले के मेहर सिंह अखाड़े में अभ्यास करते हैं।
सीनियर कोच रणबीर ढाका ने विजेता पहलवान को बधाई दी। सीनियर कोच रवि अहलावत, रिटायर कैप्टन धर्मवीर हुड्डा, कोच जयवीर हुड्डा, कोच हरदीप सिंह रोज, कोच सोनू कुमार, कोच रिंकू राठी व गुरु मेहर सिंह अखाड़ा टीम ने भी विजेता पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
सूरज की उपलब्धियां
वर्ष 2022 अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। 2022 अंडर-17 नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। 2023 अंडर-17 में एशिया चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। 2023 अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। 2024 अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। 2024 अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लिया। 2024 में नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता व सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। 2025 अंडर-20 नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता।
अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकीं मुस्कान
मुस्कान जिले के गढ़ी बोहर की निवासी हैं। पिता प्रदीप नांदल ने बताया कि खेत में काम कर रहा था, वहीं पर ही बेटी का पूरा फाइनल मैच लाइव देखा। सभी मैचों में मुस्कान ने शानदार प्रदर्शन किया है। फाइनल मैच में तो जमा तोड़ पाड़ दिया। दूसरे खिलाड़ी को एक भी पाॅइंट नहीं लेने दिया।
मुस्कान जिले के छोटूराम स्टेडियम में कोच मनदीप के पास अभ्यास करती हैं। इस जीत से पूरे गांव व परिवार में खुशी का माहौल है। इससे पहले भी इससे पहले भी मुस्कान ने शानदार प्रदर्शन करके देश, जिले व गांव का नाम रोशन किया। अप्रैल में आयोजित अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। मार्च में आयोजित सीनियर एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।
कोच मनदीप ने कहा था कि वास्तविक खेल पर फोकस रखना
कोच मनदीप ने बताया कि फाइनल मैच में मुस्कान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को एकतरफा कर दिया था। मंगोलिया की पहलवान को 9-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। क्वार्टर फाइनल में मुस्कान ने तुर्की के खिलाड़ी को 8-2 से हराया। मैच से पहले मुस्कान को बताया कि अपने वास्तविक खेल पर फोकस रखना है।
30सीटीके32...मुस्कान नांदल। स्रोत:सोशल मीडिया