रोहतक। पुराने आईटीआई मैदान में शुक्रवार रात साढ़े 10 बजे ही नेपाल के युवक राजू की उसके दो साथियों आकाश व पदम ने हत्या कर दी थी। क्योंकि शराब पीते समय झगड़ा होने पर राजू ने नामजद आरोपी पदम का दांत तोड़ दिया था। आरोपियों ने लोहे की राॅड व डंडे से राजू को तब तक पीटा, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया था। साथ ही घसीटते समय युवक की पेंट भी निकल गई थी। पुलिस ने आरोपी पदम निवासी थारपीला जिला अरघा खाची नेपाल हाल तिलक नगर व आकाश निवासी थारपीला जिला अरघा खाची नेपाल हाल किरायेदार निवासी गांधी नगर को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
डीएसपी रवि खुंडिया ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली कि पुरानी आईटीआई मैदान में एक युवक खून से लथपथ शव पड़ा है। मृतक की पहचान नेपाल निवासी 34 वर्षीय राजू शर्मा के तौर पर हुई। उसकी मौसी राधिका की शिकायत पर नेपाल निवासी आकाश व पदम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। सीआईए की टीम ने आर्यनगर थाने की टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की और रविवार को आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी आकाश व पदम ने बताया कि वे नेपाल में एक ही गांव के रहने वाले हैं। राजू अक्सर उनकी रेहड़ी पर आकर परेशान करता था। शनिवार की शाम उसके साथ झगड़ा भी हुआ था, हालांकि उस समय बीचबचाव हो गया था। काम खत्म होने के बाद आकाश, पदम व राजू बैठकर शराब पीने लगे। तीन बार शराब के अध्धे मंगवाए गए। रात साढ़े 10 बजे तक तीनों रेहड़ी के पास ही बैठकर शराब पीते रहे।
राजू ने मारा मुक्का तो पदम व आकाश ने रॉड से किया हमला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि राजू के साथ उनका दोबारा झगड़ा हो गया। मामला बढ़ने पर राजू ने पदम के मुंह पर मुक्का मार दिया। इससे उसका दांत टूटकर गिर गया। दूसरा, पदम व आकाश ने शराब के साथ-साथ गांजे का भी नशा कर लिया था। इसके बाद रॉड से राजू को मारना शुरू कर दिया। दोनों तब तक उसने मारते रहे, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। सिर से खून बहने लगा। इसके साथ-साथ उसे सड़क किनारे मैदान के अंदर घसीटा तो पेंट निकल गई।