साथ बैठकर शराब पीते समय मामूली कहासुनी में एक ट्रक ड्राइवर ने दूसरे ट्रक ड्राइवर की गला दबा कर हत्या कर दी। आरोपी ने मरने के बाद वहां पड़ी कस्सी से मृतक के चेहरे व शरीर पर भी कई वार किए। हत्यारोपी गैंगस्टर जितेंद्र पहल का साथी रहा है और पहले भी तीन हत्याओं में नामजद है।
मृतक के भाई की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामला सांपला का है। पुलिस को बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में सांपला स्थित एक पैट्रोल पंप के पास चारपाई पर पड़ा है।
थाना प्रभारी विजय कुमार टीम के साथ पहुंचे। मृतक की शिनाख्त झज्जर जिले के गांव मांडौठी निवासी ट्रक चालक संदीप उर्फ सोनू के रूप में हुई। मृतक के भाई प्रवीण ने पुलिस को शिकायत में आरोप लगाया है कि रिटौली (जिला झज्जर) निवासी श्रीभगवान ने संदीप की हत्या की है।
संदीप व श्रीभगवान ने बुधवार रात साथ बैठकर शराब पी और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। संदीप ने उसे रात को फोन कर भी बताया था। इस बयान पर सांपला पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर देरशाम आरोपी श्रीभगवान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने श्रीभगवान से पूछताछ की तो उसने बताया कि बुधवार को वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में किसी काम को लेकर सांपला आया था। उसे वहां पर संदीप मिल गया। दोनों एक दूसरे को जानते थे, इसलिए दोनों ने रात को बैठकर शराब पी। पुलिस के मुताबिक शराब पीने के दौरान दोनों में काम करने को लेकर बातचीत चल रही थी।
श्रीभगवान उस पर मौजूदा नौकरी छोड़ने के लिए दबाव बना रहा था। बहस हुई तो संदीप ने श्रीभगवान को गाली दे दी। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। श्रीभगवान ने संदीप का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने वहां पड़ी एक कस्सी से उसके शरीर व चेहरे पर कई वार किए और फरार हो गया।
थाना प्रभारी विजय सिंह दहिया ने बताया कि हत्यारोपी पर पहले भी तीन हत्या के मामले दर्ज हैं और वह जींद के कुख्यात गैंगस्टर जितेंद्र पहल का साथी भी रहा है। जांच मे सामने आया है श्रीभगवान ने सन् 1984 में जींद में जितेंद्र पहल के साथ मिलकर जगदीश खटकड़ की हत्या की थी।
गतौली के सरपंच की हत्या की और इसके अलावा बादली में एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप भी श्रीभगवान पर है। थाना प्रभारी विजय दहिया ने बताया कि श्रीभगवान को गिरफ्तार कर लिया है तथा गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।