लाखनमाजरा कस्बे में ससुराल गए एक युवक की जहर की वजह से मौत हो गई। युवक के भाई ने उसकी पत्नी पूनम और ससुराल वालों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मृतक महम के वार्ड नंबर दस निवासी सूरज के भाई प्रदीप के बयान पर पत्नी, सास, साली और साढू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो पाया, जिस वजह से पुलिस ने शव का विसरा जांच के लिए मधुबन भेजा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी घर से फरार है।
पुलिस के अनुसार महम के वार्ड नंबर दस निवासी सूरज अपनी पत्नी को लेने ससुराल लाखनमाजरा गया हुआ था। इस दौरान पत्नी पूनम और उसके ससुराल जनों के साथ सूरज का किसी बात पर विवाद हो गया। कुछ समय बाद सूरज के परिजनों को पता चला कि जहर खाने की वजह से सूरज की मौत हो गई। इस बात का पता चलते ही मृतक के परिजन लाखनमाजरा पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक के भाई प्रदीप ने पुलिस को बताया कि सूरज व उसकी पत्नी पूनम के बीच झगड़ा चल रहा था और महिला सेल में पूनम ने शिकायत दर्ज करा रखी थी। पूनम को मनाने के लिए उसका भाई लाखनमाजरा आया था और पूनम ने अपनी मां, जीजा विजय और बहन के साथ मिलकर सूरज को जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।