काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करते नगर पालिका कर्मचारी संघ के सदस्य। अमर उजाला
मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ के सदस्यों ने मंगलवार को प्रधान संजय बिडलान की अध्यक्षता में शहर में काले झंडे व झाड़ू लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त की अनुपस्थिति में डीडीपीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन से पूर्व सभी कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान संजय बिडलान ने बताया कि मांगों को लेकर अक्तूबर में कर्मचारियों की तरफ से की गई थी। हड़ताल के दौरान सरकार ने 29 अक्तूबर को संघ के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया। सरकार से साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की जायज मांगों पर डॉ. कमल गुप्ता मंत्री हरियाणा सरकार व आला अधिकारियों के साथ सहमति बनी थी। मांगों को पूरा करने के लिए प्रस्ताव की कॉपी भी जारी की गई, परंतु आज तक सरकार या शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से कोई पत्र जारी नहीं किया गया। सरकार के उदासीन रवैये के कारण प्रदेशभर के कर्मचारियों में भारी रोष है। इसी कड़ी में नगर निगम कर्मचारियों ने शहर में काले झंडे व झाड़ू लेकर विरोध प्रदर्शन किया और जुलूस की शक्ल में मार्च करते हुए उपायुक्त कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। उन्होंने उपायुक्त की गैर मौजूदगी में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर कर्मवीर सिवाच जिला प्रधान सर्व कर्मचारी संघ, जोगिंदर करौंथा वन विभाग, प्रेम घिलोडिया, हिम्मत राणा, अनिल कांगड़ा, श्रवण बोहत, विक्की बिडलान, संजय झिंगाल, कवल राणा, अंकित, जतिन, रवि, वीरेंद्र गुर्जर, अरुण बिडलान, सतपाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।