सांपला। नगर पालिका चुनाव को लेकर मतदाता सूची तैयार हो गई है। शुक्रवार को फाइनल मतदाता सूची उपायुक्त सचिन गुप्ता को सौंप दी गई। अब चुनाव की तारीख आनी शेष है। ऐसे में चुनाव प्रत्याशियों में उत्साह बना हुआ है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में चुनाव होने की उम्मीद है।
नपा चुनाव को लेकर मतदाता सूची का ड्राफ्ट पहले जारी हो चुका है। अब आपत्ति व दावों का निपटारा भी कर दिया गया है। अंतिम सूची विधान सभा 2024 के आंकड़ों पर आधारित है।
इस बार 16 पार्षदों का होगा चुनाव
वार्डबंदी फैमिली आईडी के आधार पर की गई है। चेयरमैन पद सामान्य वर्ग के लिए है। पीपीपी आंकड़ों के मुताबिक, सांपला की आबादी 25 हजार के करीब है। इसमें से लगभग 15,248 मतदाता हैं। इस बार 16 पार्षद चुने जाएंगे।
12 उम्मीदवार मैदान में उतरे
सांपला नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और मेयर रामअवतार वाल्मीकि को प्रभारी बनाया है। इनकी देखरेख में चुनाव होंगे। चुनाव को लेकर उम्मीदवारों का प्रचार जारी है। चेयरमैन पद के लिए करीब 12 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं। पोस्टर वार और मतदाताओं से लगातार संपर्क बढ़ा रहे हैं।
-
मतदाता सूची फाइनल कर दी गई है। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं। तिथि घोषित होते ही चुनावी प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
- पंकज जून, सचिव, नगर पालिका