झज्जर। शहर के मुख्य बाजारों व मुख्य मार्गों पर शौचालयों की कमी है। इसलिए नगर परिषद शहर में नए शौचालयों का निर्माण करवाएगा। शहर में लगभग पांच जगहों पर नए शौचालयों का निर्माण करवाए जाने की नगर परिषद की योजना है। इसमें मुख्य रूप से बीकानेर चौक और यादव धर्मशाला के बीच, भगत सिंह चौक, महर्षि दयानंद स्टेडियम के नजदीक, बाजार, बादली रोड, सिलानी गेट मुख्य स्थान हैं।
इन सभी के लिए नगर परिषद की तरफ से एस्टीमेट तैयार करवाए जा रहे हैं। नए शौचालय बनने के बाद आसपास के दुकानदारों को फायदा होगा। अब तक शहर में छिकारा चौक, डाकखाना के पास स्थित है। इसके अलावा पूरे शहर में सार्वजनिक शौचालय नहीं है। कुछ पार्कों में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा है, लेकिन उनकी हालत खराब है। अब नए शौचालय बनने से दुकानदारों व बाजार में खरीददारी करने वालों को राहत मिलेगी।
पुराने शौचालयों की होगी मरम्मत
शहर के पुराने शौचालयों की मरम्मत करवाई जाएगी। इसमें छिकारा चौक, डाकखाने के पास शौचालय शामिल है। इसके अलावा पार्कों की शौचालयों को भी उसमें शामिल किया जाएगा।
बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव
शौचालयों के निर्माण और मरम्मत के प्रस्ताव को हाउस की बैठक में रखा जाएगा। हाउस की बैठक 10 दिसंबर को रखी गई है। इसमें इन दोनों प्रस्ताव के अलावा 18 अन्य प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इसमें पंचानंद चौक का जीर्णोद्धार, नगर परिषद के पुराने कार्यालय में स्क्रेप की नीलामी, वार्ड 17 व तीन में स्थित कम्युनिटी सेंटर की जीर्णोद्धार, कोसली रोड से नप कार्यालय तक मुख्य मार्ग पर टाइल लगाने का काम, कम्युनिटी सेंटर को लीज पर देने, दो स्मोग गन व स्प्रींकलर मशीन की खरीद, ट्री ट्रीमिंग मशीन, सक्शन मशीन की खरीद, 6 नए कंप्यूटर व एक लेपटॉप की खरीद, बुआ हसन तालाब का जीर्णोद्धार, नंदी आरओ वाटर लगाना, पार्कों में नए वाटर हारर्वेस्टिंग सिस्टम लगाने, पुरानी लाइट की जगह नई लाइट लगाने, घर-घर कूड़ा संग्रहण, कूड़ा निष्पादन के प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।
वर्जन
शहर में कई जगहों पर नए शौचालय बनवाए जाएंगे। इसके अलावा पुराने शौचालयों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसका प्रस्ताव मंगलवार को होने वाली बैठक में रखा जाएगा। इसके अलावा कई अन्य प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर