रोहतक। नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही टैक्स जमा कराने वालों पर भारी पड़ रही है। टैक्स काउंटर पर अधूरे इंतजाम होने की वजह से लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं। निगम ने काउंटर की संख्या दो से बढ़ाकर तीन कर दी है, लेकिन तीसरे काउंटर पर इंटरनेट की सुविधा न होने से काम नहीं हो रहा है। पूछने पर संयुक्त आयुक्त ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। शहर में नगर निगम की 2 लाख 20 हजार से ज्यादा प्रॉपर्टी हैं। इसमें 70 प्रतिशत रिहायशी, 20 प्रतिशत वाणिज्यिक व 10 प्रतिशत संस्थागत प्रॉपर्टी हैं।
साल 2024-25 के बजट में निगम की तरफ से 35 करोड़ रुपये का टैक्स वसूलने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन चुनावी साल में निगम अभी तक 15 करोड़ टैक्स तक नहीं वसूल सका है। न ही सरकार ने टैक्स जमा कराने वालों को कोई छूट दी है। अब 31 मार्च तक टैक्स जमा न कराने पर पूरे साल का ब्याज जुड़ जाएगा। ऐसे में निगम में टैक्स जमा कराने वालों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को करीब 500 प्रॉपर्टी मालिक अपना टैक्स जमा कराने निगम के काउंटर पर पहुंचे। दो काउंटर पर ही टैक्स जमा होने के कारण लोगों को काफी दिक्कत हुई।
शुक्रवार को रखा तीसरे काउंटर पर कंप्यूटर, अभी तक इंटरनेट नहीं दिया
अमर उजाला ने टैक्स काउंटर बढ़ाने की मांग को लेकर लोगों की आवाज उठाई। शुक्रवार को निगम हरकत में आया और तीसरा काउंटर चालू करने का निर्णय लिया। इसके लिए कंप्यूटर तो रख दिया, लेकिन तीन दिन बाद भी इंटरनेट का कनेक्शन नहीं किया गया। सोमवार को भी काउंटर पर टैक्स जमा नहीं हो सका।
-
सुबह 11 बजे के करीब निगम में आया। आकर देखा तो टैक्स काउंटर के सामने भीड़ जमा थी। अब एक घंटे से लाइन में लगा हूं। नंबर नहीं आ रहा है। क्योंकि दो ही काउंटर पर टैक्स लिया जा रहा है। पैरों में दर्द तक होने लगा है।
- प्रेम सिंह, सेक्टर-1 निवासी
....
प्रॉपर्टी टैक्स के रिकाॅर्ड में नाम गलत चढ़ाया हुआ है। पहले तो नाम ठीक कराने के लिए चक्कर काटे। अब टैक्स जमा कराने के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। 50 मिनट हो गए, लेकिन टैक्स जमा नहीं हो सका है।
- ओमप्रकाश कौशिक, शीतल नगर निवासी
....
घर का प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराना है। मैं सवा 11 बजे निगम में आया था। 85 साल की उम्र में काफी देर से लाइन में खड़ा हूं, लेकिन नंबर नहीं आ रहा है। निगम के अधिकारी बुजुर्गों के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था करें।
- पूर्ण सिंह, डेयरी मोहल्ला निवासी
बाक्स
31 मार्च तक टैक्स जमा नहीं कराया तो लगेगा ब्याज
चालू वित्त वर्ष का प्रॉपर्टी टैक्स 31 मार्च तक जमा कराना होगा। अगर समय पर टैक्स जमा नहीं कराया गया तो पूरे साल ब्याज टैक्स की राशि में जुड़ जाएगा, इसलिए टैक्स काउंटर पर भीड़ बढ़ती जा रही है।
वर्जन
सीनियर सिटीजन और महिलाओं के लिए अलग से लाइन होनी चाहिए। सोमवार को तीसरे काउंटर पर टैक्स जमा क्यों नहीं हो सका, इसका अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। मैं खुद टैक्स ब्रांच की व्यवस्था देखूंगा।
- भूपेंद्र सिंह, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम
24सीटीके10...पूर्ण सिंह। संवाद
24सीटीके10...पूर्ण सिंह। संवाद
24सीटीके10...पूर्ण सिंह। संवाद
24सीटीके10...पूर्ण सिंह। संवाद