अमर उजाला में 12 जनवरी को छपी खबर।
जिला विकास भवन में सोमवार को लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली, जिसमें अमर उजाला का स्वच्छता अभियान का मुद्दा छाया रहा। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करें। इसके लिए तत्काल कदम उठाएं।
जवाब में नगर निगम के कार्यकारी अभियंता मनदीप धनखड़ ने कहा कि शहर की सड़कों व गलियों की सफाई का टेंडर हाईकोर्ट में विचाराधीन है। स्टे खत्म होने के कारण नया टेंडर नहीं हो रहा है। सांसद ने कोई न कोई रास्ता निकालने की हिदायत दी और अगली बैठक में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी।
नियमों के तहत हर तीन माह में दिशा की बैठक होनी चाहिए, लेकिन सोमवार को करीब 10 माह बाद जिला विकास भवन में बैठक हुई। अध्यक्षता लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने की। बैठक में कांग्रेस के रोहतक शहर से विधायक भारत भूषण बतरा, कलानौर से विधायक शकुंतला खटक व महम से विधायक बलराम दांगी और जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा भी मौजूद रहे।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा व जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा नहीं आईं। प्रशासन की तरफ से डीसी धीरेंद्र खड़गटा, एडीसी नरेंद्र कुमार, सीटीएम अंकित कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त भूपेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता मनदीप धनखड़ व सीपीओ जगदीश चंद्र सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। सांसद ने स्वच्छता को लेकर 15 मिनट तक अधिकारियों से बातचीत की। अमर उजाला में प्रकाशित खबरें दिखाते हुए सांसद ने पूछा कि बाजार व गलियों में रोज सफाई क्यों नहीं हो रही है।
दिशा की बैठक में अधिकारियों से कहा है कि वे शहर की सफाई सुनिश्चित करें। अदालत में टेंडर को लेकर मामला चल रहा है तो अधिकारी दूसरा रास्ता निकालें। अगली बैठक में अधिकारियों से कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी गई है।
- दीपेंद्र हुड्डा, सांसद लोकसभा रोहतक।