जिला अस्पताल में टीका लगवाती सांसद अरविंद शर्मा की पत्नी रीटा शर्मा । संवाद न्यूज एजेंसी
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा एवं उनकी पत्नी ने मंगलवार को जिला अस्पताल में कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। टीका लगवाने के साथ ही दोनों ने आमजन से टीका लगवाने का आह्वान किया है। डॉ. अरविंद शर्मा व उनकी पत्नी डॉ. रीटा शर्मा ने कोविशील्ड टीका लगवाने के बाद बताया कि टीका की सुरक्षा पर संदेह नहीं किया जाना चाहिए। इससे संबंधित भ्रम दूर करने के लिए हमें विशेषज्ञों से बात करनी चाहिए। सरकार ने टीकाकरण सुविधा निशुल्क कर रखी है। लाभार्थी को मौके पर अपनी आईडी ले जाकर टीका लगवाना होगा। डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीकाकरण के बाद देश में टीका लगवाने वालों की संख्या बढ़ी है। पीएम संक्रमणकाल में विश्व में देश का नाम रोशन किया है। कनाडा जैसे विकसित देश सहित 49 देशों में हमारे देश ने कोरोना महामारी से बचाव के टीके उपलब्ध कराएं हैं। महामारी अभी समाप्त नहीं हुई है, देश के कई हिस्सों में महामारी की तीसरी लहर आ चुकी है। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला, उप सिविल सर्जन डॉ. केएल मलिक, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिलजीत त्रेहान आदि मौजूद रहे।