महम (रोहतक)। पुलिस की डायल 112 की गाड़ी से टकराकर खरकड़ा निवासी सुखबीर (55) की मौत हो गई। मृतक के बेटे साहिल ने पुलिस को शिकायत दी है। बेटे का आरोप है कि डायल 112 पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने दुर्घटना के बाद घायल को अस्पताल नहीं पहुंचाया।
साहिल ने बताया कि उसके पिता शनिवार सुबह 10 बजे को बाइक पर सवार होकर महम से खरकड़ा जा रहे थे। रास्ते में नेशनल हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास डायल 112 की गाड़ी से टकरा गए।
वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको राहगीरों की मदद से महम अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने गमगीन माहौल शव का दाह संस्कार कर दिया।
महम थाना प्रभारी सतपाल सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया पता चला है कि पुलिस की चलती गाड़ी में बाइक सवार ने टक्कर मारी है। गाड़ी का टायर फट जाने के कारण पुलिस की गाड़ी में घायल को नहीं ला सके। एफआईआर कर जांच शुरू कर दी है।