बहादुरगढ़। गांव लोहारहेड़ी में शिक्षा विभाग झज्जर के निर्देशानुसार दोनों सरकारी स्कूलों के अध्यापकों द्वारा संयुक्त रूप से स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। अध्यापकों द्वारा ग्रामीणों से बच्चों को स्कूल भेजने का संकल्प दिलाते हुए अभियान में घर-घर दस्तक दी और अभिभावकों से बच्चों का सरकारी स्कूल में प्रवेश कराने की अपील की। अभियान में अध्यापकों द्वारा ग्रामीणों को सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को बताया गया। डोर टू डोर प्रचार करते हुए जेबीटी अध्यापक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि अब प्रत्येक बच्चे को अक्षर ज्ञान की मुख्यधारा से जोड़ अंधकार मुक्त भविष्य का निर्माण करने के लिए मजबूती से कदम बढ़ेंगे। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के मंदिर तक पहुंचाने के लिए हम सभी को एकजुटता दिखानी होगी। इस अभियान में प्राचार्य प्रदीप कुमार, गणित अध्यापिका सुमन, कंप्यूटर अध्यापिका कविता, संस्कृत अध्यापक मंजीत कुमार, पीटीआइ जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद