कलानौर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका की ओर से लगाए गए 54 सीसीटीवी कैमरों में से अधिकतम एक वर्ष से बंद पड़े हैं। इसके चलते प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था प्रभावित होने के साथ पुलिस जांच में भी परेशानी आ रही है।
धींगड़ा पेट्रोल पंप चौक, मेडिकल मोड़, गुढ़ान मोड़ और बस स्टैंड समेत कई प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगरानी व्यवस्था कमजोर होने से चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
कलानौर थाना परिसर स्थित कंट्रोल रूम के सर्वर की जांच में केवल 10-12 कैमरे ही चालू मिले। अधिकांश कैमरों पर धूल-मिट्टी जमी हुई है। वहीं कंट्रोल रूम में नगरपालिका का कोई कर्मचारी भी तैनात नहीं मिला। पुलिस विभाग की ओर से कई बार नगरपालिका को कैमरे दुरुस्त कराने के लिए पत्र लिखा जा चुका है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने कहा कि अपराधों की रोकथाम और वारदातों के खुलासे के लिए सीसीटीवी कैमरों का सुचारु रूप से कार्य करना जरूरी है। उन्होंने नगरपालिका से जल्द कैमरे ठीक कराने की मांग की है।
-
कुछ दिन पहले घर के बाहर से चोर ऑटो उठा कर ले गए। धींगडा पेट्रोल पंप चौक पर नगरपालिका के सीसीटीवी चालू होता तो चोरों की पहचान हो सकती थी। पिछले 5 दिन से पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है लेकिन कोई भी सीसीटीवी कैमरा चालू नहीं मिला। यह नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
आशीष, शिकायतकर्ता
कस्बे में पिछले दिनों सीसीटीवी ठीक कराए गए। इनमें से 32 कैमरे ठीक कराए। कुल 54 कैमरे नगरपालिका ने लगाए हैं। शेष को दुरुस्त कराया जा रहा है।
विनय कुमार, सचिव, नपा कलानौर।