रोहतक। उत्तर पश्चिम रेलवे ने रोहतक-मदार स्पेशल ट्रेन का रविवार से संचालन शुरू कर दिया। पहले दिन रोहतक से 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने खाटूश्याम के लिए सफर किया। यह ट्रेन 8 से 30 जून तक संचालित होगी।
रविवार को पहले दिन रोहतक रेलवे स्टेशन पर न के बराबर यात्री ट्रेन में सवार हुए। मदार से ट्रेन के राेहतक स्टेशन पहुंचने का समय दोपहर 12:50 है। ट्रेन अपने निर्धारित समय से पहले ही पहुंच गई। रोहतक से मदार के लिए यह ट्रेन दोपहर 01:23 बजे रवाना हुई।
ट्रेन की बोगियों में 10-10 व 15-15 यात्री ही सवार दिखे। ट्रेन में सवार यात्री प्रेम व जयपाल ने बताया कि खाटूश्याम और सलासर के लिए जा रहे हैं। उन्हें बेहद खुशी है कि पहले ही दिन ट्रेन में यात्रा के लिए निकले हैं। बताया कि ट्रेन का संचालन शुरू होते ही परिवार ने खाटूश्याम आदि धार्मिक स्थलों पर जाने की योजना बना ली थी।