जींद। राजकीय महाविद्यालय में युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव उमंग का वीरवार काे समापन हुआ। महोत्सव के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग व अन्य प्रतियोगिता हुईं।
विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किए। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि प्रदान करने के लिए उनके बैंक विवरण संकलित किए गए।
रंगोली प्रतियोगिता में मोनिका प्रथम, मनीषा द्वितीय और कैलाश तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर मेकिंग में चेष्टा प्रथम सीमा द्वितीय और अंकुश तृतीय पर रहे। स्किट में सूरज प्रथम और डांस में मुस्कान प्रथम रहीं।
प्राचार्य सत्यवान मलिक ने कहा कि उमंग जैसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. जयनारायण गहलावत ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन युवाओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। मंच संचालन डॉ शर्मिला ने किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. संदीप कुमार रहे।