रोहतक। करनाल के अल्फा सिटी में 29 अक्तूबर को अधिकारी पर 50 राउंड फायर करने वाले अपराधी मोहित को बुधवार देर शाम पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया। शहर के बाहर खरावड़ के पास पुलिस की एवीटी टीम से हुई मुठभेड़ में उसके दाएं पैर में गोली लगी है। घायल को पीजीआई में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने राज्य में सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते सोनीपत के कथूरा निवासी मोहित को मुठभेड़ में पकड़ा है। मोहित कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल (बोहर) का सहयोगी है। दीपक विदेश से अपने गैंग का संचालन कर रहा है।
पुलिस को सूचना मिली कि मोहित रोहतक में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। वह सोनीपत जिले के एक सरपंच की हत्या की साजिश भी रच रहा है। इसके चलते बुधवार शाम करीब 7:45 बजे थाना आईएमटी, रोहतक क्षेत्र में पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने की कोशिश की।
इस पर मोहित ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली पैर में लगने से मोहित घायल हो गया। पुलिस तुरंत उसे अस्पताल लेकर गई। पुलिस ने मोहित के पास से देसी पिस्तौल, चार कारतूस, दो खोल व एक बाइक बरामद की है।
मोहित की आपराधिक पृष्ठभूमि
मोहित पर कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसमें लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे अपराध शामिल हैं। वह पहले भी अपहरण के एक मामले में सात साल की सजा काट चुका है।