रोहतक। मंगलवार रात को चार युवकों ने पहले माता दरवाजा के नजदीक कायस्थान मोहल्ले के युवक का मोबाइल फोन छीना, फिर गोहाना अड्डे के नजदीक करीब 10 बजे निरंकारी मार्केट में सामान खरीदने के बहाने दुकान में घुस गए। पहले सामान चोरी करने लगे।
महिला दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए एक युवक को दबोच लिया, जबकि तीन फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गए युवक की पहचान गांव भगवतीपुर निवासी नितेश के रूप में हुई। उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक महिला दुकानदार मनीषा ने दी शिकायत में बताया कि उसकी गोहाना अड्डे पर निरंकारी मार्केट में गारमेंट्स शॉप है। बीती रात करीब 10 बजे चार युवक आए। कोई टोपी, तो कोई परना व लोवर मांग रहा था। एक ने जुराब की मांग की। उसने देखा कि एक युवक अपनी पैंट में कुछ छुपा रहा है। जब उसने कहा कि क्या छुपा रहा है तो अभद्रता करने लगा। तीन युवक दो परने, चार जुराब की जोड़ी, तीन पजामे व अन्य सामान लेकर भाग गए। एक युवक को उन्होंने भागने नहीं दिया। युवक ने विरोध करते हुए दुकान का शीशा भी तोड़ दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को काबू किया।
कायस्थान मोहल्ले के युवक का छीना था मोबाइल
वहीं, कायस्थान मोहल्ला निवासी चिंटु भटनागर ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह कमल गुप्ता के मकान में आठ माह से किराये पर रह रहा है। 21 मार्च की शाम करीब छह बजे माता दरवाजा स्थित मेले से घर जा रहा था। डेयरी मोहल्ले में बूस्टर के पास पहुंचा तो तीन-चार युवक उसका मोबाइल छीनकर ले गए।
गोहाना अड्डे से काबू युवक भगवतीपुर का रहने वाला है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर माता दरवाजा के पास मोबाइल फोन छीना। इसके बाद निरंकारी मार्केट में दुकान पर पहुंच गए। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रहे हैं। जल्द उसके फरार साथियों को भी काबू कर लिया जाएगा।
बिजेंद्र सिंह, प्रभारी थाना पुरानी सब्जी मंडी