रोहतक। जिला प्रशासन की प्रमुख स्वास्थ्य वाहिनी मोबाइल बस 29 नवंबर से एक दिसंबर तक स्थानीय पंडित श्रीराम रंगशाला में तीन दिवसीय गीता महोत्सव में पहुंचकर स्तन कैंसर की जांच करेगी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन का यह दृष्टिकोण रोग की रोकथाम औ रमृत्यु दर को कम करना है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 25 नवंबर को समचाना गांव में शिविर लगाकर महिलाओं की स्तन कैंसर जांच के अलावा अन्य जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस्माइला, खरावड़, सांपला एवं हसनगढ़ में आयोजित शिविरों में अब तक उत्साहजनक भागीदारी दर्ज हुई है। इनमें 1332 ओपीडी रजिस्ट्रेशन, 724 महिलाओं की स्तन कैंसर जांच, 514 एनसीडी एंट्री ऑनलाइन दर्ज, 396 आभा आईडी बनाई गई, 211 महिलाओं की मैमोग्राफी जांच, 655 नागरिकों की निरोगी हरियाणा स्क्रीनिंग, 177 डेंटल ओपीडी, 177 ओरल कैंसर स्क्रीनिंग तथा इन शिविरों में 16 व्यक्ति गंभीर एनीमिया से पीड़ित पाए गए हैं।