रोहतक। जिला कोर्ट परिसर व लघु सचिवालय के सुनारिया के पास स्थानांतरण का मामला उलझ गया है। एक तरफ विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन के वकीलों के बीच पहुंचे। वकीलों को उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सीएम से पूछा कि क्या रोहतक के जिला न्यायिक परिसर व लघु सचिवालय के स्थानांतरण का कोई प्रस्ताव है तो मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि, नहीं श्रीमान जी। दूसरी तरफ पूर्व मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर का कहना है कि जिलास्तर पर प्रशासनिक कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। बाकी पता करके बताएंगे कि फाइल कहां तक पहुंची है।
जिला बार के प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो ने बताया कि प्रदेश की विधानसभा का मानसून सत्र पूरा हो गया है। शहर से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा शुक्रवार को चंडीगढ़ से लौटने के बाद बार के वकीलों के बीच पहुंचे। वकीलों को बताया कि उन्होंने विधानसभा के अंदर प्रश्न नंबर 91 में पूछा कि, जिला रोहतक के न्यायिक परिसर व लघु सचिवालय भाग 1 व भाग 2 को मौजूदा जगह से दूसरी जगह स्थानांतरित करने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है या नहीं। उसका ब्योरा क्या है। इसके जवाब में सीएम ने कहा कि नहीं श्रीमान जी। बार प्रधान ने बताया कि इससे साफ है कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। विधायक के प्रयास का वकीलों ने स्वागत किया। मौके पर एडवोकेट भगत सिंह मलिक, पूर्व विधायक संत कुमार, एडवोकेट नवीन सिंहल व अन्य वकील भी मौजूद रहे।
हुड्डा व ग्रोवर के बीच जमकर हुई थी बयानबाजी
जिला कोर्ट परिसर व लघु सचिवालय को शहर से बाहर शिफ्टिंग का कांग्रेस शुरू से ही विरोध कर रही है। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि वे किसी भी सूरत में कोर्ट परिसर को शहर से बाहर नहीं जाने देंगे। कांग्रेस ने इसको लेकर धरना प्रदर्शन भी किया था। वहीं, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा था कि शहर के विकास कार्यों में बाधा डाली जा रही है। शहर के विकास को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। अब विधायक के बयान से मामले में नया मोड़ आ गया है।
वर्जन-
विधानसभा के अंदर मैंने सवाल नंबर 91 पूछा था कि क्या सरकार के पास रोहतक के जिला कोर्ट परिसर व लघु सचिवालय भाग एक व भाग दो दूसरी जगह स्थानांतरित करने का सरकार के पास कोई प्रस्ताव है या नहीं, ब्योरा दें। जवाब में सीएम ने कहा कि, नहीं श्रीमान जी। वकीलों को इस संबंध में अवगत कराया है।
- भारत भूषण बतरा, कांग्रेस विधायक रोहतक शहर
जिला कोर्ट परिसर व सरकारी भवनों को सुनारिया के पास स्थानांतरण करने के लिए कागजी कार्रवाई जिलास्तर पर पूरी हो चुकी है। पता करता हूं, कहां तक फाइल पहुंची। विधानसभा में सवाल-जवाब के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
- मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा