रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में मिशन इक्वालिटी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (मीसो) की ओर से दयानंद सरस्वती चौक पर चल रहा शांतिपूर्ण धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। संगठन का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
मीसो अध्यक्ष जोगिंदर चौधरी ने कहा कि संगठन की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वीरवार सुबह 11 बजे धरना स्थल से कुलपति कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन तक विद्यार्थियों की मांगें पहुंचाई जाएंगी।
तीन प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन
संगठन की प्रमुख मांग है कि बीपीएल और पीले राशन कार्ड धारक विद्यार्थियों को कुल हॉस्टल शुल्क में 50 प्रतिशत की रियायत दी जाए। इसके अलावा वार्षिक फीस में की जाने वाली 10 प्रतिशत वृद्धि को तुरंत रोका जाए। मीसो ने लेक्चर बेस्ड नियुक्तियों में एससी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षण लागू करने की भी मांग की है। संगठन ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े इन मुद्दों पर प्रशासन को जल्द निर्णय लेना चाहिए। धरना स्थल पर संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे और मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।