रोहतक। शहर के मेहर सिंह अखाड़े से नाबालिग पहलवान संदिग्ध हालात में लापता हो गया। परिजनों ने इस संबंध में पीजीआई थाने में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक गांधरा गांव निवासी रणबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रिटायर कर्मचारी है। उसका बेटा सतीश खेतीबाड़ी करता है। उसका 16 वर्षीय बेटा अर्पिल देव कॉलोनी स्थित मेहर सिंह अखाड़े में पहलवानी करता है। एक साल से मेहर सिंह अखाड़े में ही रह रहा है। शाम करीब 4 बजे सतीश के पास अर्पित के साथी अतुल का फोन आया। बोला अर्पित सुबह से अखाड़े में नहीं आया है। वह अखाड़े में आया और अर्पित के बारे में पूछताछ की। पता चला कि अर्पित अपने साथी अतुल व हिमांशु के साथ सुबह करीब 7 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैदान में रेस करने के लिए गया था। करीब सवा सात बजे जिम के पास से ऑटो में बैठकर शहर की तरफ गया, लेकिन वापस नहीं आया।