संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। साई (भारतीय खेल प्राधिकरण) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र और ओजी रन क्लब की ओर से रविवार को फिटनेस, खेल और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने साइकिल यात्रा और पैदल यात्रा निकाल फिटनेस का संदेश दिया।
राजीव गांधी खेल परिसर में रविवार को कार्यक्रम में साइकिल राइड, सामूहिक रन, सेल्फ डिफेंस और बॉक्सिंग प्रशिक्षण सत्र, खेल गतिविधियां व मनोरंजक प्रतियोगिताओं हुई। इसमें 200 प्रतियोगिताओं ने 5 किलोमीटर की यात्रा में भागीदारी की। राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र के उप निदेशक गौरव रावत ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं व आम नागरिकों में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों के लिए साई की ओर से पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में हेड बॉक्सिंग कोच अमनप्रीत कौर और कोच अमृतपाल सिंह का विशेष योगदान रहा।
उन्होंने प्रतिभागियों को आत्मरक्षा और बॉक्सिंग के टिप्स दिए। क्लब के संस्थापक देवेंद्र चाहल, राम गोयल व ज्योति चाहल ने फिटनेस समुदाय को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साई की ओर से ओजी रन क्लब के सह संस्थापकों को फिटनेस और सामुदायिक विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ट्रॉफी प्रदान की गई।