रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) की ओर से जारी किए गए मर्सी चांस फॉर्म विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की किरण बने थे लेकिन पोर्टल की तकनीकी समस्या ने विद्यार्थियों की चिंता और बढ़ा दी है। मर्सी चांस फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 5 जून तय की गई है।
मर्सी चांस तकनीकी खामी के कारण छात्रों की परेशानी का कारण बन गया है। यूनिवर्सिटी ने 15 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। पांच दिन बीत जाने के बाद भी फीस भुगतान प्रणाली अपडेट नहीं हो पाई है।
छात्रों का कहना है कि पोर्टल पर सभी जानकारियां सफलतापूर्वक भर रहे हैं। प्रोसिड टू पेमेंट का विकल्प भी खुल रहा है लेकिन जैसे ही फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू होती है लेकिन सफलता नहीं मिलती है। कई विद्यार्थियों ने अलग-अलग समय पर प्रयास किए लेकिन भुगतान पूरा नहीं हो पा रहा। यूनिवर्सिटी नोटिफिकेशन के अनुसार वर्ष 2001 से किसी भी प्रोग्राम में रजिस्टर्ड विद्यार्थी विशेष अवसर का लाभ उठा सकते हैं। ऐसे में हजारों छात्र-छात्राएं इस मौके का इंतजार कर रहे थे।
अलग-अलग कोर्सों के लिए तय की गई फीस
यूनिवर्सिटी की ओर से जारी नोटिफिकेशन में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी और एमकॉम आदि कोर्सों के लिए पहली बार मर्सी चांस लेने वाले विद्यार्थियों की फीस 15 हजार रुपये निर्धारित की गई है। वहीं पहले एक बार मर्सी चांस ले चुके विद्यार्थियों के लिए 18 हजार और एक से अधिक बार यह मौका लेने वालों के लिए 21 हजार रुपये फीस तय की गई है। इसके अलावा एमबीए, एलएलबी, बीटेक, बीएड, एमसीए और अन्य प्रोफेशनल कोर्सों के लिए फीस 20 हजार रुपये से शुरू हो रही है।
बीए का छात्र हूं। एक सेमेस्टर में रीअपीयर होने के कारण से प्रतीक्षा कर रहा था। कई दिनों से पोर्टल पर कोशिश कर रहे हैं लेकिन फीस जमा नहीं हो रही। - रिंंकू
मर्सी चांस आखिरी अवसर है। यूनिवर्सिटी को तकनीकी दिक्कत दूर करनी चाहिए ताकि सभी विद्यार्थी समय पर आवेदन कर सकें।- हितेश