संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य सुमन राणा व गणेश ने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन वीरवार को आश्रय गृह बावल, बाल गृह और दत्तक गृह का दौरा किया। बावल स्लम एरिया में सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाल विवाह एवं पॉक्सो एक्ट के बारे में जानकारी दी।
आयोग के सदस्यों ने बच्चों के संरक्षण और हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बाल श्रम, मानव तस्करी, शिक्षा स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने कहा कि बच्चों का शोषण उनमें जागरूकता की कमी के चलते होता है। बच्चों के संरक्षण के लिए किशोर न्याय, पॉक्सो अधिनियम में सख्त प्रावधान है। बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी होनी चाहिए।
महिला एवं विकास विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव ने बच्च्चों को पोषण के बारे में जानकारी दी। जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपिका यादव ने बच्चों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। इस मौके पर अमरजीत सिंह, संदीप व ऊषा रुस्तगी, करुणा यादव, सोशल वर्कर सोनू देवी, प्रदीप यादव मौजूद रहे।