महम। बीडीपीओ कार्यालय के पास सिंगला दाल मिल के संचालक पवन सिंगला की बेटी डॉ. रूचि 21 फरवरी को एम्स दिल्ली में बतौर विशेषज्ञ पद पर ज्वाइन करेंगी। परिवार में खुशी का माहौल है।
पवन सिंगला ने बताया कि बेटी ने एमबीबीएस एमडी के बाद एम्स दिल्ली में सीनियर रेजिडेंट सीनियर डिमॉन्स्ट्रेटर के पद निकली भर्ती के लिए 3 जनवरी को लिखित परीक्षा दी थी। 15 से 20 जनवरी तक चले साक्षात्कार में भी भाग लिया। 5 फरवरी को जारी परिणाम में रूचि ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रूचि ने बताया कि उन्होंने 11वीं व 12वीं की पढ़ाई एचडी स्कूल खेड़ी महम से पूरी की। एमबीबीएस की पढ़ाई भगत फूल सिंह सरकारी महिला मेडिकल कॉलेज से पूरी की। उसके बाद एमडी ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की पढ़ाई एम्स दिल्ली से की।
एम्स जैसे बड़े संस्थान में प्रथम स्थान हासिल करने पर परिजनों ने खुशी जाहिर की है। एचडी स्कूल निदेशक कुलवंत नेहरा ने बताया कि रूचि ने 12वीं कक्षा में भी मेरिट हासिल की थी।