माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। स्कूली वाहनों के नियमों को लेकर प्रशासनिक सख्ती से आहत निजी स्कूल संचालकों ने मंगलवार को जेल मंत्री रणजीत चौटाला से मुलाकात की। यहां उन्हें सीएम से मिलकर उनकी समस्या के बारे में बात करने का आश्वासन मिला। इधर, इस बैठक के चलते रोहतक में होने वाली स्कूल संचालकों की बैठक नहीं हो पाई। ऐसे में वीरवार शाम को छोटू राम पार्क में स्कूल संचालकों ने एकत्रित होकर बैठक करने का फैसला लिया है।
हरियाणा निजी स्कूल एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा कि निजी स्कूल संचालकों को वाहन जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है। छोटी-छोटी बातों को लेकर वाहनों के चालान और इंपाउंड करने की कार्रवाई की जा रही है। इस समस्या को लेकर मंगलवार को 70 सदस्यों ने हिसार में जेल मंत्री रणजीत चौटाला से मुलाकात की। यहां उनके साथ सकारात्मक बातचीत हुई। मंत्री ने इस संबंध में सीएम से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। इसलिए एसोसिएशन ने कल स्कूल बंद रखते हुए एक दिन इंतजार करने का फैसला लिया है। एसोसिएशन के महासचिव अशोक कुमार ने कहा कि जेल मंत्री से मुलाकात के चलते मंगलवार को स्कूल संचालकों की बैठक नहीं हो पाई। इस कारण अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं। बुधवार को बैठक कर स्कूल वाहन मामले विचार जाने जाएंगे। इसके बाद संघर्ष की तैयारी की जाएगी। यह बैठक छोटू राम पार्क में शाम के समय होगी।