राष्ट्रीय युवा महोत्सव के मेहमानों को भोजन और पानी लैब में टेस्ट होने के बाद ही परोसा जाएगा। भोजन-पानी की गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी। इसके लिए विभाग की ओर से एमडीयू परिसर में फूड कोर्ट के पास ही लैब बनाई जाएगी। लैब तकनीशियन, चार एएफएसओ और स्वास्थ्य अधिकारियों की तैनाती की गई है। भोजन-पानी की जांच दो स्तर पर की जाएगी। पहले लैब में तकनीशियन रिपोर्ट ओके देंगे उसके बाद एएफएसओ खाना चखेंगे। इसके बाद ही भोजन मेहमानों को परोसा जाएगा। मेहमानों को दिया जाने वाला पानी भी दो समय जांचा जाएगा।
महोत्सव के मेहमानों को भोजन खिलाने के लिए तीन फूड कोर्ट बनाए गए हैं। ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर के लिए छह करोड़ रुपये का टेंडर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि टेंडर के लिए आवेदन करने वालों में खींचतान को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निर्देश दिए हैं कि प्रयोगशाला में जांच के बाद ही मेहमानों को खाना-पानी परोसा जाए। यह भी चर्चा है कि ठेकेदारों में आपसी खींचतान और चैलेंज के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्री ने पुलिस में एक ठेकेदार के खिलाफ शिकायत की है। सिविल सर्जन डॉ. दीपा जाखड़ ने सभी एएफएसओ को निर्देश दिए हैं कि लैब की ओके रिपोर्ट के बाद वह खुद खाना खाएंगे उसके बाद मेहमानों को सर्व किया जाएगा। हर रिपोर्ट की जानकारी सिविल सर्जन को भेजनी जरूरी है।
पंजाब से मांगी थी मोबाइल लैब, नहीं मिली
स्वास्थ्य विभाग ने भोजन और पानी की जांच के लिए पंजाब से मोबाइल लैब मंगाने की योजना बनाई थी। इसके लिए चंडीगढ़ तक अधिकारियों ने कवायद की, लेकिन जब कोई पाजिटिव जवाब नहीं मिला तो सिविल सर्जन डॉ. दीपा जाखड़ ने स्वयं की लैब तैयार करने के निर्देश दिए। अधिकारी ने बताया कि स्पेशल टेंट लगाकर प्रयोगशाला को बनाया जाएगा। इसके आसपास पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा रहेगा।
18 एंबुलेंस और एक्सपर्ट रहेंगे तैनात
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप ने बताया कि महोत्सव को देखते हुए 18 एंबुलेंस और एसएमओ, आरएमओ तथा मेडिकल आफिसरों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी एंबुलेंस में डॉक्टर, आक्सीजन और जीवन रक्षक दवाएं मौजूद रहेंगे। अधिकारी ने बताया कि सात एंबुलेंस एडवांस लाइफ सेविंग की हैं। निजी अस्पतालों ने भी जरूरत पड़ने पर अपनी एएलएस उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। जरूरत को देखते हुए अन्य जिलों से भी एंबुलेंस मंगाई है। इस व्यवस्था की वजह से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई असर नहीं पडे़गा।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव में लगेंगी रोडवेज की 42 बसें
राष्ट्रीय युवा महोत्सव में रोडवेज की 42 बसों को लगाया जाएगा। इनमें से 30 बसें प्रशासन को और 12 बसें पुलिस को मिलेंगी। पुलिस को मंगलवार को रोडवेज के रोहतक डिपो से 12 बसें मिली। डिपो महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि 30 बसों की खेप बुधवार को प्रशासन को दे दी जाएगी। इन बसों का उपयोग कलाकारों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में होगा ताकि किसी कलाकार को परेशानी न हो। महाप्रबंधक ने बताया कि यह सभी बसे शहर के लोकल रूट पर चलने वाली है।