राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पहली बार म्हारी लाडो थीम रखी गई। कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस थीम को अलग-अलग अंदाज में दर्शाया। कलाकारों ने ‘ऐसी धाकड़ है धाकड़ है...’ गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। ‘भोर की किरण कहे...’ थीम गीत प्रस्तुत किया गया। महोत्सव में गायक महावीर गुड्डू के ‘बम-बम लहरी...’ ने युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद हरविंद्र राणा ने गूगा पीर को नमन करते हुए हरियाणा की धार्मिक संस्कृति-सभ्यता को दर्शाया। कलाकारों ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का संदेश प्रसारित करते हुए कई गीतों को मिलाकर संस्कृति के अलग-अलग रंगाें से महोत्सव को सराबोर कर दिया। जीवीएम गर्ल्स कॉलेज के 60 छात्राओं के ग्रुप ने और एमडीयू के निदेशक युवा कल्याण और आयोजन जगबीर राठी ने लोकनृत्य के माध्यम से ‘थारे आणे तै बढ़ गया मान म्हारे हरियाणे का...’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। यह ग्रुप स्वर्ण जयंती महोत्सव और प्रवासी सम्मेलन में भी प्रस्तुति दे चुका है।
प्रदेश के खिलाड़ियों को स्टेज पर मिला सम्मान
सीएम मनोहरलाल खट्टर और केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने प्रदेश के द्रोणाचार्य और अर्जुन अवार्डी खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर सिंह फौगाट, कबड्डी में द्रोणाचार्य अवार्डी बलवान सिंह और मुक्केबाज कोच जगदीश सिंह को सम्मानित किया। साथ ही अर्जुन अवार्डी खिलाड़ियों मेें कुश्ती में गीता जाखड़, मुक्केबाज दिनेश कुमार, हॉकी ममता खरब, सुरेंद्र कौर, कुश्ती में अशोक कुमार गर्ग, कबड्डी में असन कुमार, राममेहर सिंह, शमशेर सिंह, मंजीत छिल्लर, बॉक्सिंग में कविता चहल, एथलेटिक्स में कर्नल संत कुमार, वॉलीबाल में जगमंती सांगवान, पैराओलंपिक मेंभीम अवार्ड लेने वाली डॉ. सुनीता मल्हान, तीरंदाजी में संदीप कुमार और विकास दहिया को सम्मानित किया गया।
...जब 21वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव को 12वां बोल गए केंद्रीय मंत्री
महोत्सव के दौरान स्टेज पर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वह गलती से 21वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव को 12वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव बोल गए। इस पर कुछ दर्शकों ने इधर-उधर एक-दूसरे से पूछा कि भई यह 21वां महोत्सव है या फिर 12वां।
युवाओं को दिलाया संकल्प
केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने युवाओं को संकल्प दिलाया कि कैशलेस इंडिया के माध्यम से ईमानदार भारत की ओर शुरू की गई प्रधानमंत्री की पहल का पूरे मनोयोग के साथ अपना योगदान देने के लिए दृढ संकल्प करते हैं।
वंदेमातरम बीच में बंद, खेल मंत्री की तन गई भौंहे
कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम से हुई। स्टेज पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री विजय गोयल और खेल मंत्री अनिल विज समेत अन्य अतिथि खड़े थे। वह सभी दर्शक भी खड़े हुए थे। कुछ मिनट तक चलने के बाद अचानक आवाज बंद हो गई, लेकिन इसके बाद भी दर्शकों ने वंदेमातरम को बंद नहीं होने दिया और खुद ही उसे गाना शुरू कर दिया। इसके बाद सभी अतिथि स्टेज से नीचे उतर गए, लेकिन खेल मंत्री अनिल विज की भौंहे तन गई। हालांकि उन्होंने मौके पर किसी को कुछ नहीं बोला, लेकिन कुछ मिनट तक इधर-उधर देखते रहे और सबसे बाद में स्टेज से उतरे।
विरासत से लेकर विकासशील हरियाणा की दिखी झलक
रोहतक। एमडीयू परिसर में विरासत से लेकर विकासशील हरियाणा की भी झलक देखने को मिली। परिसर में ‘कल, आज और कल’ विषय पर लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से हरियाणा के अलग-अलग रंग देखाए गए। इस प्रदर्शनी में हरियाणा की विरासत, गौरवशील हरियाणा, डिजिटल हरियाणा और विकासशील हरियाणा को दर्शाया गया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने प्रदर्शनी को सराहा। विरासत के आयोजक महासिंह पुनिया ने अतिथियों का पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। विरासत पंडाल में पुराने रेडियो, खाट, मूढ़े, 32 लीटर पानी वाला सबसे बड़ा हुक्का, सूत कातती और दरी बुनती ताई, रंग-बिरंगे घाघरे, दामण, पलिया, कड़छा और लोटा आदि ने अतिथियों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने भी हरियाणा विरासत के बारे में अतिथियों को जानकारी दी। विकासशील हरियाणा में खाद्य पदार्थों पर चित्रकारी, सब्जी पर लोगो को पेश करना, फैशन डिजाइन, फुटवियर डिजाइन, रिटेल, रेजा के वस्त्रों का प्रदर्शन, माई स्टैंप काउंटर और आधुनिक तकनीक के तैयार शहद को दिखाया गया। गौरवशील हरियाणा में सुशासन, पारदर्शिता, कृषि एवं किसान कल्याण, सशक्त पंचायतें और विकसित गांव की जानकारी दी गई। डिजिटल साक्षरता कौशल और क्षमता निर्माण में स्किल कोर्स, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण, राजस्व, वित्त, ई-स्टांपिंग और ई-ग्राम सचिवालय को दर्शाया गया। प्रदर्शनी में स्टांप पर छूट, बिजली पर छूट, सीएम विंडो व ई-डेसबोर्ड के शिकायत और निवारण की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर स्थानीय निकाय व शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण, केंद्रीय खेल मंत्रालय के सचिव डॉ. एके दुबे, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन गोविंद भारद्वाज, हरको बैंक के चेयरमैन गुलशन भाटिया और नेहरू युवा केंद्र संगठन के महानिदेशक सेवानिवृत्त मेजर जनरल दिलावर सिंह आदि मौजूद रहे।