एमडीयू गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के चुनाव में प्रधान पद पर विजयी रणधीर सिंह कटारिया और उप प्रधान रा
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। एमडीयू गैर शिक्षक संघ के चुनाव में प्रधान का ताज रणधीर कटारिया के सिर सजा। विवि के ज्यादातर कर्मचारियों ने उन्हें समर्थन देते हुए कोषाध्यक्ष को छोड़ पूरे पैनल को जीत दिलाई। प्रधान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निरंजन उर्फ निजी से 33 वोट अधिक लेकर जीत दर्ज की। उन्हें 863 वैध वोटों में से 340 वोट मिले। पोल हुए 871 में से आठ वोट रद्द हो गए। चुनाव में बाद प्रधान ने गैर शिक्षक कर्मियों के लिए 30 अक्तूबर को एक दिन के अवकाश की घोषणा की।
कर्मचारी कल्याण मोर्चा से तराजू के निशान पर चुनाव लड़ने वाले प्रधान रणधीर कटारिया के अलावा उप प्रधान पद पर राजेश गिरधर, महासचिव पद पर रवींद्र लोहिया व सहसचिव पद पर रमेश रोहिल्ला विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद पर कुलवंत मलिक पैनल से विकास अहलावत उर्फ गोल्डी विजयी रहे। ईसी सदस्य के लिए कैटेगरी दो पर हुए चुनाव में सुरक्षा कर्मी धर्मपाल विजयी रहा। शेष कैटेगरी के लिए निर्विरोध चुनाव हुआ। निर्वाचन अधिकारी प्रो. एससी मलिक ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। उनकी देखरेख में चुनाव शांति व सौहार्द पूर्वक संपन्न हुए। एमडीयू कुलसचिव प्रो. गुलशन तनेजा भी चुनावी प्रक्रिया का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने सौहार्दपूर्ण माहौल में चुनाव कराने व भाईचारा बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को सराहा।