महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2024-2025 के लिए विभिन्न चार वर्षीय/पंचवर्षीय स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 जून तक बढ़ा दी है।
कुलसचिव प्रो. गुलशन तनेजा ने बताया कि विभिन्न स्टेक होल्डर्स के अनुरोध व विद्यार्थी समुदाय के हित में विश्वविद्यालय स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 12 जून तक विस्तारित की गई है। सीसीआई, एआईसीटीई, एनसीटीई, पीसीआई (नियामक संस्थानों) के स्नातकीय पाठ्यक्रमों को छोड़कर अन्य सभी स्नातकीय पाठ्यक्रमों में ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के अभ्यर्थियों के लिए एक सुपरन्यूमेरी सीट का प्रावधान भी विश्वविद्यालय ने किया है।
इसके अलावा, हरियाणा से बाहर के प्रदेशों के अभ्यर्थियों के लिए 10 प्रतिशत सुपरन्यूमेरी सीटों का प्रावधान स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों में किया गया है। ये सुपरन्यूमेरी सीटें एंट्रेंस टेस्ट के मेरिट पर ऑल इंडिया ओपन कैटेगरी में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से भरी जाएंगी। इन अभ्यर्थियों को एंट्रेंस परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।
हरियाणा से अलग राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के विद्यार्थियों के लिए यूजी पाठ्यक्रमों में 10 प्रतिशत सुपरन्यूमेरी सीटें सृजित की गई हैं। इसके अलावा ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के लिए चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रत्येक में एक सीट मुहैया कराई गई है। पाठ्यक्रमों समेत अन्य विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।