रोहतक। जींद जिले के उचाना में हुए सीबीएसई क्लस्टर खेलों की तीरंदाजी प्रतियोगिता में मनवीर राणा ने गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने यह मेडल अंडर-19 कंपाउंड श्रेणी में हासिल किया है। पांच दिन तक चली प्रतियोगिता का आयोजन उचाना के शिवानिया पब्लिक स्कूल में किया गया था। 1 अगस्त को मनवीर की स्कोरिंग हुई थी जिसमें उन्होंने 12वां स्थान प्राप्त किया। 2 अगस्त को उनके एलिमिनेशन राउंड हुए, इनमें वह प्रथम रहे। 5 अगस्त की शाम फाइनल में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। मनवीर मकड़ौली खुर्द के रहने वाले हैं और छह साल से आर्चरी का अभ्यास कर रहे हैं। वह नवयुग शिक्षा निकेतन स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। उनके पिता प्रवीण सेना से सेवानिवृत्त हैं। मनवीर ने पिता के दोस्त संदीप के बेटे निखिल से प्रेरित होकर तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया था। उनका अगला लक्ष्य एशियन चैंपियनशिप है। संवाद