रोहतक। जाट कॉलेज में सोमवार को राज्य स्तरीय अंतर महाविद्यालय तीन दिवसीय पुरुष वर्ग की बाक्सिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। चैंपियनशिप में प्रदेश के 28 महाविद्यालयों के बॉक्सर हिस्सा ले रहे हैं। यहां इनके बीच धमाकेदार मुकाबले होंगे। डॉ. विवेक दांगी के नेतृत्व में एनएसएस व एनसीसी के विद्यार्थियों ने शुभारंभ अवसर पर फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च से शुरू हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल रहे। कॉलेज प्राचार्य डॉ. महेश ख्यालिया, चैंपियनशिप के कन्वीनर डॉ. सुरेश मलिक व आयोजन सचिव डॉ. सुखबीर सिंधु ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उच्च शिक्षा निदेशालय हरियाणा की ओर से प्रायोजित प्रतियोगिता में भारतीय खेल प्राधिकरण से सेवानिवृत्त कोच सुरेंद्र सिंह दांगी डायरेक्टर कम्पीटीशन के दायित्व का निर्वाह कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि जाट महाविद्यालय अपने शुभारंभ से ही ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य कर रहा है। प्राचार्य डॉ. महेश ख्यालिया ने कहा कि खेल हमारे जीवन का आवश्यक हिस्सा है। विशिष्ट अतिथि जिला खेल अधिकारी डॉ. राजबाला, खेल कन्वीनर डॉ. सुरेश मलिक, खेल आयोजन सचिव डॉ. सुखबीर सिंधु, इंजी. सुनील दलाल, डॉ. रामिंद्र सिंह हुड्डा, डॉ. इंद्र सिंह हुड्डा, डॉ. अशोक खासा, डॉ. राजबीर गुलिया, शारीरिक शिक्षा विभाग से डॉ. नरेंद्र ढुल, डॉ. नीतेश लठवाल, डॉ. मनीष हुड्डा, डॉ. वरुण मलिक, डॉ. विवेक दांगी सहित सभी शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. वरुण मलिक, डॉ. मोनिका लाठर ने किया।
पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
चैंपियनशिप के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। इसमें 46 से 49 किलो भार वर्ग में साहिल ने मुनीष को, 49 से 53 किलो वर्ग में प्रवीन ने अंकित को, 52 से 56 किलो वर्ग में सागर ने सोमी को व साहिल ने विशाल को हराया। इसके अलावा 60 से 64 किलो वर्ग में लक्की ने सुमित को हराकर अगले दौर में प्रवेश प्राप्त किया।