धोलाधार एक्सप्रेस के आगे शुक्रवार देर रात एक प्रेमी जोड़े ने कूद कर आत्महत्या कर ली।
युवक की शिनाख्त फतेहाबाद के टोहाना के गांव नांगल निवासी अमन के रूप में हुई है।
जबकि लड़की की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। जीआरपी ने दोनाें के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवा दिया है। वहीं शनिवार दोपहर युवक के परिजन पीजीआई पहुंचे।
वोटर कार्ड और मोबाइल से हुई अमन की पहचान
जीआरपी के सतीश ने बताया कि शुक्रवार देर रात ट्रेन के आगे कूद कर एक लड़का और लड़की ने अपनी जान दे दी। शवाें की जांच करते समय युवक की जेब से एक वोटर आई कार्ड और मोबाइल मिला।
युवक अमन वर्तमान में गुड़गांव में नौकरी करता था। परिजनाें के मुताबिक अमर दो-तीन दिन पहले घर से गुड़गांव जाने के लिए घर से निकला था। शनिवार को उसकी मौत की खबर घर पहुंची। वहीं लड़की की शिनाख्त नहीं हो सकी। जीआरपी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
हाथ में हाथ डाल कर आ गए थे ट्रेन के सामने
मामले को रेलवे अधिकारी कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। वहीं कुछ कर्मचारियों ने बताया कि लड़का-लड़की पहले पटरी के साइड में थे। ट्रेन के आने पर हाथ में हाथ डालकर पटरी पर आ गए, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।