जयपुर से आए एक महिला चोर गिरोह ने शनिवार को कैंटर चालक से लिफ्ट मांगकर उसके बैग से एक लाख 10 हजार रुपये चोरी कर लिये। इसके बाद सभी आरोपी महिलाएं सुखपुरा चौक स्थित वीटा प्लांट के पास गाड़ी से उतर गई। चालक को रुपये चोरी होने की भनक लगते ही उसने पुलिस कंट्रोल रुम फोन कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर गोहाना चौक से जयपुर के गांव खेड़ा निवासी रेनू, बबीता, पाली, सुनीता सहित आठ महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो नाबालिग आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी महिलाओं को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया जबकि नाबालिग आरोपी को सुधार गृह भेज दिया गया।
सुखपुरा चौकी प्रभारी एसआई कप्तान ने बताया कि भिवानी के गांव मिताथल निवासी कृष्ण कुमार अपनी कैंटर गाड़ी लेकर गोहाना से भिवानी की तरफ आ रहे थे। तभी गोहाना में कुछ महिलाओं सवारियों को उन्होंने गाड़ी में बैठा लिया। महिलाओं ने कृष्ण से भिवानी जाने की बात कही।
इसके बाद सभी आठ महिलाएं गाड़ी के आगे के केबिन में चालक के पास बैठ गई। यहीं पर सीट के पास बैग में कृष्ण के एक लाख 10 हजार रुपये रखे हुए थे। जैसे ही कृष्ण गाड़ी लेकर वीटा प्लांट के पास पहुंचा तो सभी महिलाओं ने यहां उतरने की बात कही। इस पर कृष्ण ने गाड़ी रोककर सभी को उतार दिया। कुछ ही दूरी पर चलते ही जब कृष्ण ने रुपयों की जांच की तो रुपये गायब मिले। इसके बाद चालक ने पुलिस कंट्रोल रुम में मामले की सूचना दी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिलाओं को पकड़ लिया। पुलिस ने महिलाओं से चोरी किए गए रुपये बरामद कर जेल भेज दिया।