रोहतक/सांपला। सीएम मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा के कलानौर पहुंचने के एक दिन पहले शनिवार को लूट की वारदात अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। दिनदहाड़े बाइक सवार तीन युवक नेशनल हाईवे नंबर 9 पर इस्माईला पुल के पास झज्जर जिले के छारा गांव अपने बहनोई के घर जा रहे रामगोपाल कॉलोनी रोहतक के युवक प्रवीण से सात लाख की नकदी और स्कूटी लूटकर फरार हो गए। सांपला पुलिस ने नाकेबंदी कर लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।
पुलिस को दी शिकायत में रामगोपाल कॉलोनी निवासी प्रवीण ने बताया कि वह अपने दोस्त कपिल के साथ स्कूटी से छारा गांव में अपने बहनोई नसीब के घर जा रहा था। उसे अपने बहनोई को कार के सात लाख रुपये देने थे। जब वे हाईवे नंबर नौ पर इस्माईला बाईपास पर पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इनमें से एक युवक ने पिस्तौल तानकर धमकी दी कि जान प्यारी है तो स्कूटी व रुपये हमारे हवाले कर दो, नहीं तो गोली मार देंगे। पिस्तौल के डर से स्कूटी व उसमें रखे रुपये बदमाशों के हवाले कर दिए। इन्हें लेकर तीनों फरार हो गए। इस वारदात के बारे में पुलिस को सूचना दी गई। इसके कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
बदमाशों की तलाश में चलाया सर्च अभियान
वारदात की सूचना डीएसपी व थाना प्रभारी को भी दी गई। इसके बाद हाईवे पर सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस ने हाईवे के ढाबों और वहां लगे सीसीटीवी खंगाले। देर शाम तक जांच जारी रही। इसके बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
हाईवे पर लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रवीण के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी खंगालने के अलावा मुखबिरों से भी संपर्क किया जा रहा है। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
- कुलबीर सिंह, प्रभारी, सांपला थाना।