14 असम के गुवाहाटी में आयोजित 8वीं युवा पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीत
रोहतक। बहलबा निवासी लोकेश ने नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं जनता कॉलोनियों में रहने वाले तनुज धनखड़ ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता है। इन खिलाड़ियों ने असम में हुई प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
आर्यन बॉक्सिंग स्पोर्ट्स क्लब के कोच संजीव ने बताया कि 13 से 19 अप्रैल को असम के गुवाहाटी में आयोजित 8वीं युवा पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें लोकेश ने स्वर्ण व तनुज धनखड़ ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
उन्होंने बताया कि लोकेश ने वर्ष-2025 में नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप व खेला इंडिया यूथ नेशनल गेम्स में भी स्वर्ण जीता था। एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। संजीव ने बताया कि अभी लोकेश इंडोनेशिया में 13 से 16 जुलाई को होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिधित्व करेंगे।
मूल रूप से रेवाड़ी के बड़ौली निवासी तनुज धनखड़ ने भी वर्ष-2024 में आरईसी नेशनल में गोल्ड मेडल हासिल किया था। ये खिलाड़ी सुनारिया स्थित आर्यन बॉक्सिंग स्पोर्ट्स क्लब में अभ्यास करते हैं।