बहुअकबरपुर में शनिवार शाम करीब पांच बजे ट्रांसफार्मर का काम करते समय करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अचेतावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजली निगम के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बहुअकबरपुर में एक ट्रांसफार्मर बदलना था। डीसी रेट के लाइनमैन करमवीर (38) निवासी बहुअकबरपुर और बिजली निगम का लाइनमैन प्रवीन काम करने गए। दोनों ट्रांसफार्मर बदलने का काम कर रहे थे, तभी अचानक करंट आ गया। करंट लगने से कमरवीर और प्रवीन नीचे गिर पड़े। धमाके की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचे तब तक करमवीर की मौत हो चुकी थी। प्रवीन अचेतावस्था में पड़ा रहा। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और बिजली निगम के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीओ मनीता मौके पर पहुंचे और हादसे की वजह के बारे में पड़ताल शुरू कर दी। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। रात तक गंभीर घायल प्रवीन को होश नहीं आ सका, जिसकी वजह से हादसे की वजह से बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। एसडीओ मनीता ने बताया कि प्राथमिक जानकारी से पता चला है कि वह दोनों ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे। जांच की जा रही है कि कैसे और किसकी चूक से हादसा हुआ। हादसे की वजह के बारे में फिलहाल कुछ कहना मुश्किल है। जब तक अचेत कर्मचारी प्रवीन को होश नहीं आता तब तक स्थिति साफ नहीं होगी। वहीं, एक्सईएन भूपेंद्र सिंह का कहना है कि हादसा बहुअकबरपुर में शाम करीब पांच बजे हुआ है। एसडीओ मौके पर हैं, जो जांच कर रही है। हादसा कैसे हुआ और किसकी लापरवाही रही, इसके बारे में भी जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
कर्मचारी कम और काम का बोझ ज्यादा : बैनीवाल
हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के प्रदेश प्रधान बिजेंद्र बैनीवाल ने हादसे में एक कर्मचारी मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कमी होने और ज्यादा काम होने की वजह से हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की कमी दूर नहीं होगी तब तक हादसों को रोका नहीं जा सकता है।