रोहतक। शहर के किला रोड बाजार के सुंदरीकरण का काम अवैध छज्जों के कारण अटक गया है। बिजली निगम ने दुकानों के आगे खंभे लगाने का काम पूरा कर लिया है लेकिन छज्जे न टूटने के कारण खंभों को सीधा नहीं किया जा सका है। इसके लिए बिजली निगम ने नगर निगम को पत्र लिखकर छज्जों को हटवाने की मांग की है।
उधर, बाजार में निगम की चेतावनी के बावजूद मात्र सात दुकानदारों ने स्वयं छज्जों को हटवाया है। ऐसे में शनिवार या रविवार को नगर निगम बुलडोजर चलाकर छज्जों को गिरा सकता है।
निगम की तरफ से 1.40 करोड़ रुपये में बाजार का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। दोनों तरफ नालों का निर्माण हो चुका है। अब बाजार के बीचोंबीच लगी बिजली लाइन किनारों पर शिफ्ट की जा रही है। इसके लिए बिजली निगम ने दोनों किनारों पर 28 बिजली के नए खंभे लगा दिए हैं लेकिन दुकानों के बाहर ऊंचाई तक निकाले गए छज्जों के कारण खंभे तिरछे लगे हैं।
कई खंभे छज्जों से बिल्कुल सटाकर लगाने पड़े। अब बिजली के तार लगाने का कार्य किया जाना है, लेकिन इससे पहले खंभों को सीधा किया जाना अनिवार्य है। निगम की तरफ वीरवार शाम पांच बजे तक समय दुकानदारों को छज्जे तोड़ने के लिए दिया गया था। इसके बावजूद अभी तक ज्यादातर दुकानदारों ने छज्जे नहीं हटाए हैं।
-
निगम आयुक्त से मिलीं महिला पार्षद
वार्ड छह की महिला पार्षद नीरा भटनागर व पूर्व पार्षद नरोतामल भटनागर निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा से मिले और किला रोड बाजार में अग्निशमन की पाइपलाइन बिछाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाजार तंग है, ऐसे में लाइन बिछाने से आग बुझाने में आसानी रहेगी। आयुक्त ने लाइन बिछाने का पूरा भरोसा दिया।
-
बिजली निगम ने 28 खंभे लगा दिए हैं लेकिन कई खंभे छज्जे न टूटने के कारण तिरछे लगाने पड़े। छज्जे तोड़कर उनको सीधा किया जाना है। इसके बाद ही बिजली की लाइन लग सकेगा। इसके लिए नगर निगम को लिखित में पत्र दिया गया है।
- आशीष चौहान, एसडीओ बिजली निगम
...
वीरवार को बाजार में लाउडस्पीकर से घोषणा कराई गई थी कि दुकानदार स्वयं बचे छज्जे हटा लें। नहीं तो निगम खुद कार्रवाई करेगा। आला अधिकारियों को स्थिति से अवगत करवा दिया है। जो आदेश आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी।
- इंस्पेक्टर गुरुदेव सिंह, नगर निगम
किला रोड बाजार में छज्जे नहीं टूटने के कारण तिरछा लगा खंभा व बारिश से बचने के लिए दुकानदारों ने