शहर के तिकोना पार्क स्थित ज्योति गर्ल्स पीजी (पेइंग गेस्ट) में आग लगने से पुस्तकालय जलकर राख हो गया। हादसा शॉर्ट सर्किट से हुआ। भूतल पर लगी आग के कारण उठे धुआं के कारण दम घुटने से ऊपर पीजी में रहने वाली छात्राएं चीखने लगीं। आसपास के लोगों ने पड़ोस के मकान पर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते छात्राओं को सुरक्षित निकाला। इसके बाद पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
सोमवार शाम करीब सात बजे तिकोना पार्क के पास चार मंजिला पीजी (पेइंग गेस्ट) के बाहर बिजली के तारों में स्पार्किंग हो गई। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही देर में पूरा पुस्तकालय धू-धू कर जल उठा। पीजी की पार्किंग में खड़ी स्कूटी, बाइक व अन्य वाहन जल कर राख हो गए। पीजी के बाहर खड़े वाहनों को लोगों ने समय रहते किसी तरह वहां से दूर हटाया।
चार गाड़ियों को 40 मिनट का समय लगा आग बुझाने में
आग में घिरी छात्राओं की चीख सुन कर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। पप्पू सिंह ने बताया कि छात्राएं आग से बचने के लिए कमरों से निकल कर चार मंजिला पीजी की छत पर पहुंच गईं। यहां से आगे निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा था। इसके लिए पड़ोस के मकान की छत पर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते ही छात्राओं को सुरक्षित निकाला। इस बीच किसी ने दमकल विभाग को घटनना की सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में दमकल की चार गाड़ियों को करीब 40 मिनट का समय लगा।
हादसे की खबर लगते ही पीजी पहुंचे परिजन
सोमवार शाम को पीजी में लगी आग की खबर वहां रहने वाली छात्राओं के घर तक भी पहुंची। इसके चलते देर शाम ही परिजन पीजी पहुंच गए। इनमें से ज्यादा अपनी बेटियों को घर ले गए जबकि कुछ छात्राओं को पास के पीजी में जगह दिलाई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे को लेकर पुलिस दस्तावेज जुटा रही है। रिपोर्ट तैयार कर अगली कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन :
शॉर्ट सर्किट से पीजी में आग लग गई। आग पुस्तकालय में लगी। इससे सारी किताबें व फर्नीचर जल गया। आग में कुछ वाहन भी जल गए। छात्राएं सुरक्षित हैं। पीजी भतीजे सोनू का है। इसकी देखभाल की जिम्मेदारी खुद संभाल रहा हूं। पीजी की अनुमति के साथ दमकल विभाग की भी एनओसी ली गई थी।
जगभगवान ठेकेदार, संचालक, ज्योति गर्ल्स पीजी।