रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में एक सप्ताह तक एक साथ पूरे बाजारों खोलने की छूट सोमवार को खत्म कर दी गई हैं। डीसी ने फिर से तंग बाजारों में लेफ्ट-राइट फार्मूला लागू कर दिया है। मंगलवार को लेफ्ट साइड के बाजार खुलेंगे। सोमवार को डीसी जिले से बाहर थे, इसलिए मंगलवार को आते ही इस आशय के दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। नगर निगम के एलओ सुरेंद्र गोयल ने ऑन रिकॉर्ड की जानकारी दी।
वहीं, व्यापारी बाजारों को हर रोज खोलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पूरा बाजार एक साथ खुलने से ग्राहक बंट जाएंगे। एलओ ने कहा कि व्यापारियों ने नियमों का पालन करने का वादा किया था लेकिन उसे निभाया नहीं। रक्षाबंधन के पर्व पर सोमवार को बाजारों में रौनक रही। किला रोड, रेलवे रोड, गोहाना अड्डा, डी पार्क, हिसार रोड व दुर्गा भवन मंदिर के पास राखी, मिठाई की दुकानों व कपड़े की दुकानों पर भीड़ नजर आई।
ट्रैफिक व्यवस्था उतरी पटरी से, सोनीपत रोड पर जाम में फंसे वाहन
बाजारों में भीड़ रही तो आउटर में वाहनों का आवागमन बढ़ने से जाम की स्थिति बनी रही। सोनीपत रोड पर भालौठ गांव से लेकर बोहर गांव के नजदीक आउटर बाईपास तक वाहन चालक कई घंटे जाम में फंसे रहे। क्योंकि वहां एक तरफ का रोड सड़क निर्माण कार्य के कारण बंद है।
12 दिन दुकान खुलने से नहीं चलेगा कारोबार
शौरी क्लाथ मार्केट के प्रधान गुलशन ईशपुनयानी का कहना है कि रक्षाबंधन पर प्रशासन ने तंग बाजारों को पूरी तरह खोल दिया था। बाजारों में भीड़ तो बढ़ी, लेकिन ग्राहक बंट गया। अब दोबारा मंगलवार से वहीं नियम लागू करने की सूचना आई है। अब एक माह में दुकानदार 12 दिन ही दुकान खोल सकेगा। इससे कोरोबार कैसे चलेगा।
रक्षाबंधन पर डीसी ने एक सप्ताह तक तंग बाजारों को भी पूरी तरह खोलने की अनुमति दी। यहां तक रविवार को भी बाजार खोले गए। व्यापारियों ने वादा किया था कि नियमों का पालन होगा, लेकिन किसी बाजार में पूरी तरह नियमों का पालन नहीं हुआ। मजबूरी में दोबारा से मंगलवारसे पहले की तरफ तंग बाजारों में लेफ्ट व राइट का सिस्टम लागू किया गया है। मंगलवार को लेफ्ट साइड की दुकानें खुलेंगी।
सुरेंद गोयल, एलओ नगर निगम
शहर के तंग बाजार
रेलवे रोड, किला रोड, शौरी मार्केट, झज्जर रोड, प्रताप चौक बाजार, चमेली मार्केट, बड़ा बाजार, बाबरा मोहल्ला, मालगोदाम रोड, पुरानी सब्जी मंडी, शिवाजी कालोनी, गांधी कैंप व गोहाना अड्डा बाजार को तंग बाजार माना गया है। 27 जुलाई से पहले यहां सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को राइट तो मंगलवार, वीरवार व शनिवार को लेफ्ट साइड का नियम लागू था। एक सप्ताह तक डीसी ने व्यापारियों की अर्जी पर नियम को स्थगित कर दिया था। अब दोबारा से मंगलवार से यह नियम लागू किया जा रहा है।