रोहतक। चोरों बीती दो रातों में दो मकानों व एक दुकान का ताला तोड़कर लाखों की कीमत सामान और नकदी चोरी कर ली। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में डेयरी मोहल्ला निवासी नरेश ने बताया कि वह निजी कंपनी में काम करता है। 9 फरवरी को वह ड्यूटी पर गया था। उसकी पत्नी गुड्डी देवी दोपहर को बाजार में शॉपिंग करने गई थी। दोपहर करीब दो बजे जब वह ड्यूटी से वापस आया तो उसे मकान के मेन गेट का दरवाजे पर ताला लगा था। मकान के अंदर घुसा तो अंदर के कमरे के ताले टूटे हुए थे। सारा सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी का लॉक भी टूटा था। अलमारी से रखे सामान की जांच की तो 50 हजार रुपये, सोने की तीन अंगूठी, 2 मंगलसूत्र, चांदी की 3 जोड़ी पाजेब, दो जोड़ी चुटकी और दो जोड़ी तागड़ी समेत अन्य सामान चोरी मिला।
दूसरी घटना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में संदीप मलिक निवासी विशाल नगर ने बताया कि प्रेम नगर में मलिक जनरल स्टोर के नाम से परचून की दुकान है। 9 फरवरी को सवा 3 बजे दुकान के पड़ोसी ने सूचना दी की दुकान का शटर उखड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि दुकान से करीब 4 हजार रुपये के सिक्के व करीब 8 हजार कीमत का सामान चुरा लिया है।
तीसरी वारदात शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को दी शिकायत में मुकेश कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार सहित 1 फरवरी को भतीजी की शादी में गया था। 8 फरवरी शाम करीब साढ़े 5 बजे मकान मालिक ने बताया कि मकान के दरवाजे के ताले टूटे हुए हैं। अंदर कमरों का सामान बिखरा हुआ है। सूचना के बाद 9 फरवरी को जब वह वापस आया तो देखा कि घर से 23 हजार की नकदी, सोने की चेन, 2 सोने की अंगूठी, कानों की बालियां चोरी हो गई हो गई है।