रोहतक। नौ मार्च को होने वाली बैठक के लिए कुंडू खाप प्रधान जयवीर कुंडू ने किसान यूनियनों को फोन के माध्यम से मैसेज भेजा है। वीरवार को धरनास्थल पर अलग-अलग गांव से 62 ट्रैक्टरों के साथ करीब 250 किसान पहुंचे।
भारतीय किसान यूनियन के प्रधान रणधीर सिंह का कहना है कि किसानों को मुआवजा तक पूरा नहीं दिया जा रहा है। वह सिर्फ पंजाब की तरफ से आने वाले किसानों का ही इंतजार कर रहे है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह दिल्ली कूच को लेकर अपनी मांगें मनवाने के लिए जरूर आएंगे। वह उनका स्वागत करते हुए उनके साथ ही दिल्ली कूच के लिए आगे बढ़ेंगे अगर प्रशासन उन्हें बेवजह परेशान करता है तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही बैठकें कर सभी किसान यूनियनों को एक करने का काम किया जाएगा।
टिकैत समेत चढूनी ग्रुप से की जाएगी बातचीत
प्रधान रणधीर सिंह का कहना है कि किसान यूनियनों की होने वाली बैठक के लिए शुक्रवार को चढूनी ग्रुप के साथ साथ राकेश टिकैत को भी निमंत्रण भेजा जाएगा ताकि सभी किसान यूनियनें इकट्ठे होकर लड़ाई लड़ सकें। जब तक यूनियनें एक साथ मिलकर नहीं चलेंगी तो इस लड़ाई में जीत हासिल नहीं हो सकती है। जल्द ही सभी यूनियनों को एक कर मांगों को मनवाने का काम किया जाएगा।